May 11, 2026

बरसात से पहले विकास योजनाएं पूरी करने पर जोर, उपायुक्त ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त श्री राजीव रंजन की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला विकास, जिला योजना एवं जिला ग्रामीण विकास शाखा के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलेभर में चल रही विकास योजनाओं की प्रगति, आधारभूत संरचना निर्माण, आवास योजनाएं, मनरेगा कार्यों तथा विभिन्न निधियों से संचालित परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ) एवं अंचल अधिकारियों (सीओ) को निर्देश दिया कि वे प्रखंड मुख्यालय में ही आवासित रहें, कार्य दिवसों में समय पर कार्यालय पहुंचें तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मुख्यालय से बाहर रहने अथवा जन समस्याओं के समाधान में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उपायुक्त ने कहा कि क्षेत्र भ्रमण, योजनाओं की सतत निगरानी एवं जनसंपर्क प्रशासनिक कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। सभी पदाधिकारियों को जवाबदेही के साथ कार्य करने और विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के निर्देश दिए गए।

प्रधानमंत्री आवास योजना के लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने प्लींथ लेवल एवं लिंटर स्तर तक के निर्माण कार्यों को मई माह के भीतर पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लाभुकों से नियमित संपर्क स्थापित कर निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए और तकनीकी या प्रशासनिक बाधाओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

मनरेगा योजनाओं की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने सभी बीपीओ को निर्देश दिया कि एक सप्ताह के भीतर प्रत्येक गांव में न्यूनतम पांच योजनाएं शुरू की जाएं। उन्होंने मानव दिवस सृजन बढ़ाने, ग्रामीण मजदूरों को अधिक रोजगार उपलब्ध कराने तथा बरसात शुरू होने से पहले लंबित कार्यों को हर हाल में पूरा करने पर बल दिया। जल संरक्षण, ग्रामीण संपर्क पथ, तालाब निर्माण तथा सामुदायिक परिसंपत्तियों से संबंधित योजनाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

बैठक में डीएमएफटी, अनाबद्ध निधि, नीति आयोग फंड, सांसद निधि एवं विधायक निधि से संचालित योजनाओं की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी कार्यकारी एजेंसियों को गुणवत्ता, समयबद्ध क्रियान्वयन और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में निदेशक एनईपी श्री संतोष गर्ग, सभी बीडीओ, सीओ, बीपीओ एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Written by

Anand Kishor

District Reporter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

INDIAN PRESS UNION

Indian Press Union (IPU) A National Platform for Journalists and Media Professionals.

© 2026 All Rights Reserved IPU MEDIA ASSOCIATION