बिष्टुपुर में झारक्राफ्ट के नए इम्पोरियम का उद्घाटन, उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा – ‘वोकल फॉर लोकल’ को मिलेगा नया आयाम
जमशेदपुर।
झारखण्ड सरकार के उद्योग विभाग के अधीन संचालित झारक्राफ्ट के जमशेदपुर स्थित नए इम्पोरियम का उद्घाटन सोमवार को माननीय उद्योग मंत्री Sanjay Prasad Yadav ने बिष्टुपुर स्थित दुकान संख्या 1/37, मेन रोड में किया। इस अवसर पर उपायुक्त Rajeev Ranjan, झारक्राफ्ट की प्रबंध निदेशक Garima Singh सहित जिला प्रशासन और झारक्राफ्ट के कई अधिकारी उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री ने कहा कि झारखण्ड अपनी समृद्ध जनजातीय संस्कृति, हस्तशिल्प, हथकरघा कला और प्राकृतिक सौंदर्य के कारण देशभर में विशिष्ट पहचान रखता है। उन्होंने कहा कि राज्य के कारीगरों की मेहनत और पारंपरिक कला केवल उत्पाद नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रतीक हैं।
उन्होंने कहा कि जमशेदपुर में इस नए इम्पोरियम की स्थापना केवल एक व्यावसायिक केंद्र का उद्घाटन नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री के ‘वोकल फॉर लोकल’ संकल्प को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
झारखण्ड की पारंपरिक कला को मिल रही वैश्विक पहचान
मंत्री श्री यादव ने कहा कि आज पूरी दुनिया हस्तनिर्मित और प्राकृतिक उत्पादों की ओर तेजी से आकर्षित हो रही है। ऐसे समय में झारखण्ड की डोकरा कला, तसर सिल्क, सोहराय पेंटिंग तथा बाँस एवं लकड़ी से निर्मित हस्तशिल्प उत्पाद राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी अलग पहचान बना रहे हैं।
उन्होंने बताया कि Jharcraft ने राज्य के हजारों ग्रामीण परिवारों को रोजगार और सम्मानजनक आजीविका प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
25 हजार से अधिक बुनकरों को मिला रोजगार
उद्योग मंत्री ने बताया कि झारक्राफ्ट की सफलता के पीछे 25 हजार से अधिक बुनकरों, 120 प्राथमिक बुनकर सहयोग समितियों एवं स्वयं सहायता समूहों तथा 220 कर्मियों का योगदान है।
वर्तमान में झारक्राफ्ट के इम्पोरियम Ranchi, Dhanbad, Deoghar सहित Bengaluru, Kolkata, Delhi और Mumbai जैसे महानगरों में संचालित हो रहे हैं। देशभर में झारक्राफ्ट के कुल 14 इम्पोरियम राज्य के हस्तशिल्प और हथकरघा उत्पादों को नई पहचान दिला रहे हैं।
जमशेदपुरवासियों के लिए बनेगा आकर्षण का केंद्र
उद्योग मंत्री ने झारक्राफ्ट से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों, डिजाइनरों और कारीगरों को बधाई देते हुए कहा कि यह नया इम्पोरियम जमशेदपुरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा और झारखण्ड की कला एवं संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कारीगरों के कौशल विकास, विपणन और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है और भविष्य में भी हरसंभव सहयोग प्रदान करती रहेगी।