नोडल अधिकारी ने गेहूं क्रय केंद्रों का किया निरीक्षण, कम खरीद वाले केंद्रों पर जारी होंगे कारण बताओ नोटिस
रबी विपणन वर्ष 2026-27 के अन्तर्गत मूल्य समर्थन योजना में गेहूं खरीद की प्रगति को तेज करने के लिए शासन द्वारा नामित नोडल अधिकारी/विशेष सचिव श्री मनोज कुमार ने शुक्रवार को जनपद के विभिन्न गेहूं क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी ने पीसीयू द्वारा संचालित अटवाई समसुद्दीनपुर, पीसीएफ द्वारा संचालित बीपैक्स डोमनेपुर और खाद्य विभाग द्वारा संचालित कटेहरी प्रथम गेहूं क्रय केंद्र का जायजा लिया। उन्होंने केंद्रों पर रखे गेहूं के बोरियों का रैंडम सैंपल लेकर वजन जांचा तथा उपस्थित किसानों से खरीद प्रक्रिया को लेकर फीडबैक लिया।निरीक्षण के बाद सर्किट हाउस में गेहूं क्रय की केंद्रवार समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नोडल अधिकारी श्री मनोज कुमार ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि लक्ष्य के अनुरूप गेहूं खरीद सुनिश्चित की जाए। उन्होंने उन क्रय केंद्रों पर जहां औसत खरीद मात्र 22 प्रतिशत से भी कम है, संबंधित अधिकारियों को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।नोडल अधिकारी ने केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक किसानों से संपर्क कर गेहूं क्रय बढ़ाया जाए तथा किसी भी केंद्र पर बोरे (gunny bags) की कमी न हो, इसके लिए दैनिक समीक्षा कर तुरंत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।बैठक में जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी, एआर कोऑपरेटिव, विभिन्न क्रय एजेंसियों के जिला प्रबंधक, मंडी सचिव और भारतीय खाद्य निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।