केदारनगर/सद्दरपुर। इब्राहिमपुर के औसानपुर गांव स्थित एक ईंट-भट्ठे पर रविवार सुबह दीवार गिरने से 7 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान हुसैन उर्फ निहाल पुत्र इरफान के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, गोंडा जिले के तरबगंज थाना क्षेत्र के पथारी गांव निवासी इरफान अपने परिवार के साथ औसानपुर स्थित मॉडर्न ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करते हैं। रविवार सुबह इरफान भट्ठे के अंदर कच्ची ईंटें पहुंचाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने पास में खेल रहे अपने बेटे निहाल से पानी लाने के लिए कहा।
बताया गया कि निहाल हैंडपंप से पानी लेकर भट्ठे के अंदर पहुंचा ही था कि अचानक दीवार का एक हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा। बच्चा बाहर निकलने का प्रयास करने लगा, लेकिन निकास मार्ग पर एक अन्य बोगी खड़ी होने के कारण वह समय पर बाहर नहीं निकल सका। इसी बीच दीवार का दूसरा हिस्सा भी गिर गया, जिससे वह ईंटों के नीचे दब गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बच्चे को निकालने का प्रयास किया। संकरा रास्ता होने के कारण बचाव कार्य में दिक्कत आई, जिसके बाद जेसीबी की मदद से ईंटें हटाई गईं। काफी प्रयास के बाद बच्चे को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज भेज दिया। थानाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और अब तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
District Reporter
INDIAN PRESS UNION
Indian Press Union (IPU) A National Platform for Journalists and Media Professionals.
© 2026 All Rights Reserved IPU MEDIA ASSOCIATION