चित्रकूट। पन्नालाल घाट क्षेत्र में चलाए जा रहे सफाई अभियान के दूसरे दिन बुंदेली सेना की टीम ने नदी से एक ट्रैक्टर से अधिक चोई घास और कचरा बाहर निकाला। संगठन का कहना है कि घाट क्षेत्र में पूजन सामग्री और अन्य कचरे के कारण सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
बुंदेली सेना ने जिलाधिकारी से मांग की है कि सम्पवेल और मुक्तिधाम के पास हवन-पूजन विसर्जन कुंड बनाए जाएं, ताकि लोग पूजन सामग्री सीधे नदी में प्रवाहित करने के बजाय निर्धारित कुंड में डाल सकें।
बुंदेली सेना के जिलाध्यक्ष अजीत सिंह ने बताया कि कर्वी में उनकी मांग पर मंदाकिनी नदी पुल के पास नगर पालिका द्वारा हवन-पूजन विसर्जन कुंड बनाया गया था, जिसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिले। उनके अनुसार बड़ी संख्या में लोग अब पूजन सामग्री उसी कुंड में डाल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इसी प्रकार कर्वी के राजाघाट और रामघाट क्षेत्र में भी सम्पवेल और मुक्तिधाम के पास विसर्जन कुंड बनाए जाने की आवश्यकता है, जिससे नदी क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखने में मदद मिल सके।
सफाई अभियान के तहत सेना की टीम ने पन्नालाल घाट क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया। संगठन ने नयागांव छोटे पुल से बूढ़े हनुमानजी मंदिर तक नदी क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।