मेरठ के सेंट्रल मार्केट प्रकरण को लेकर धरने पर बैठी महिलाओं ने शुक्रवार शाम धरना स्थल से पैदल मार्च करते हुए ऊर्जा राज्यमंत्री सोमेंद्र तोमर के आवास के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने नारेबाजी करते हुए अपने मकानों को बचाने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना है कि उन्हें अपने मकानों को लेकर अब तक कोई स्पष्ट राहत नहीं मिली है। इसी कारण उन्होंने आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया है। महिलाओं ने बताया कि जब तक उन्हें न्याय या लिखित आश्वासन नहीं मिलता, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।
इससे पहले भी महिलाएं धरना स्थल से पैदल मार्च करते हुए आवास विकास कार्यालय पहुंची थीं, जहां उन्होंने अधिकारियों से मुलाकात कर अपनी मांगें रखीं। प्रदर्शनकारियों के अनुसार, अधिकारियों ने मदद का आश्वासन दिया था।
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-4 में महिलाओं का धरना प्रदर्शन चार दिन पहले शुरू हुआ था, जो अभी भी जारी है। वहीं, सेक्टर-2 की महिलाओं ने भी गुरुवार से दोबारा धरना शुरू किया है। बताया जा रहा है कि यह धरना पहले सांसद अरुण गोविल के आश्वासन के बाद स्थगित किया गया था।
उधर, आवास विकास परिषद के अनुसार, सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के बाद 815 भूखंडों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। परिषद के अधिकारियों का कहना है कि इनमें से कुछ नोटिस डाक के माध्यम से भी भेजे गए हैं और संबंधित पक्षों तक पहुंच चुके हैं।